Business

NSE ने निवेशकों और ट्रेडिंग सदस्यों के लिए लॉन्च किए नए डिजिटल फीचर्स, अब AI की मदद से होगी शेयरों की स्क्रीनिंग

मुंबई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) ने निवेशकों और ट्रेडिंग सदस्यों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर कई नए फीचर्स जोड़े हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी तक पहुंच आसान बनाना, निवेश संबंधी निर्णयों में मदद करना और डिजिटल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

एनएसई की नई पहलों में NSE मार्केट लेंस का बीटा वर्जन प्रमुख है। यह वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इसके जरिए निवेशक अलग-अलग शेयरों की खोज और स्क्रीनिंग कर सकेंगे। इसमें पहले से तैयार लोकप्रिय स्टॉक स्क्रीन, सेक्टर आधारित शेयरों की जानकारी और अपनी जरूरत के अनुसार कस्टम स्क्रीन बनाने की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि निवेशक सामान्य भाषा में सवाल पूछकर भी शेयरों की स्क्रीनिंग कर सकेंगे। यह सुविधा सवालों को फिल्टर में बदल देगी, जिन्हें निवेशक अपनी जरूरत के अनुसार संशोधित कर सकते हैं।

इसके अलावा, एनएसई की वेबसाइट पर कॉर्पोरेट घोषणाओं का AI आधारित सारांश भी बीटा वर्जन में उपलब्ध कराया गया है। निवेशक इन सारांशों को टेक्स्ट के साथ ऑडियो फॉर्मेट में भी देख और सुन सकेंगे। वहीं, ऑप्शन ट्रेडिंग से जुड़े डेल्टा, गामा, थीटा और वेगा जैसे ऑप्शन ग्रीक्स की जानकारी अब हर मिनट अपडेट होगी।

एनएसई ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देते हुए मॉडल कॉन्टेक्स्ट प्रोटोकॉल (MCP) के माध्यम से अपने मार्केट डेटा तक पहुंच की सुविधा भी शुरू की है। इसके जरिए ChatGPT और Claude जैसे AI असिस्टेंट पर सामान्य भाषा में सवाल पूछकर एनएसई का मार्केट डेटा प्राप्त किया जा सकेगा।

मोबाइल ऐप में भी कई नई सुविधाएं

एनएसई इंडिया के नए डिजाइन वाले मोबाइल ऐप में निवेशकों के लिए वॉचलिस्ट बनाने और उसे दूसरों के साथ साझा करने, शेयरों की कीमतों के अलर्ट प्राप्त करने और अलग-अलग निवेश विकल्पों में फैले पोर्टफोलियो को एक ही जगह देखने की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों के निवेश पर नजर रखने, नॉमिनेशन की स्थिति जांचने, पोर्टफोलियो का विश्लेषण करने और निवेश से जुड़ी कंपनियों की घोषणाएं देखने की सुविधा भी मिलेगी।

ट्रेडिंग सदस्यों के लिए NSE मेंबर पोर्टल ऐप

ट्रेडिंग सदस्यों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एनएसई ने मेंबर पोर्टल ऐप भी पेश किया है। इसमें ट्रेड पल्स डैशबोर्ड, यूनिक क्लाइंट कोड (UCC) से जुड़े आंकड़ों और राज्यों के अनुसार उनके विवरण का विश्लेषण किया जा सकेगा। इसके अलावा आगामी नियामकीय नियमों, जरूरी सबमिशन, कनेक्टिविटी नियमों के अनुपालन और उनकी ट्रैकिंग से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। ऐप पर एक्सचेंज के सर्कुलर भी देखे जा सकेंगे।

एनएसई के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विरल मोदी ने कहा कि भारत के कैपिटल मार्केट को आसान और प्रत्येक भारतीय के लिए अधिक सुलभ, समावेशी एवं सुविधाजनक बनाने में टेक्नोलॉजी की अहम भूमिका है। लगातार डिजिटल इनोवेशन के माध्यम से एनएसई का प्रयास निवेशकों और बाजार से जुड़े सभी लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने विकसित भारत के विजन में योगदान देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

एनएसई की ये नई डिजिटल पहल शेयर बाजार की जानकारी तक पहुंच को सरल बनाने, निवेशकों के अनुभव को बेहतर करने और ट्रेडिंग सदस्यों को अधिक प्रभावी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button