Chhattisgarh

धमतरी में जुआ के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 7 जुआरी गिरफ्तार; 3.09 लाख रुपये नगद जब्त

धमतरी, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने सोरिद नगर के डीपो पारा रोड पर जुआ खेलते हुए 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है।

SP भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सोरिद नगर के डीपो पारा रोड पर भोला साहू के घर के पास बने चबूतरे पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरुषोत्तम महावर, उमेश देवांगन, भोलाराम साहू, कमलेश गोयल, मनीष उर्फ मनोज राठी, गोपाल उर्फ छोटू साहू और संतोष शर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी धमतरी के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 2 लाख 350 रुपये और आरोपियों के पास से 1 लाख 9 हजार रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नगद जब्त किए गए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश भी बरामद हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 291/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button