Chhattisgarh

CG: ज्वेलरी दुकान से 1.74 करोड़ के सोने के जेवर चोरी, ग्राहक बनकर आईं महिलाओं ने दिया वारदात को अंजाम, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश

जगदलपुर, 8 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली के दौरान ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया। दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई थीं। उन्होंने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान जब दुकानदार का ध्यान दूसरी ओर गया, तो एक महिला ने सोने के जेवरों से भरा डिब्बा उठाया और उसे अपने झोले में रख लिया। इसके बाद महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं। दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए डिब्बे में एक किलो से ज्यादा वजन के सोने के आभूषण रखे थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वारदात की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में महिलाओं की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस उनके साथ मौजूद बच्चों और महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आभूषणों के बिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरी की वास्तविक मात्रा और कीमत का पता लगाया जाएगा। फिलहाल आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने को लेकर जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button