Chhattisgarh

बेमेतरा में जुआरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 109 गिरफ्तार; 91,510 रुपये नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त

बेमेतरा, 07 नवंबर 2026। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 109 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में छापेमारी कर जुआ खेलने वालों के खिलाफ 20 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस दौरान आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 91 हजार 510 रुपये नकद तथा ताश की 52 पत्ती जब्त की गई है।

SP त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में यह कार्रवाई 6 नवंबर 2026 को की गई। अतिरिक्त SP डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के लिए थाना बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, दाढ़ी, साजा और परपोड़ी सहित चौकी कंडरका एवं देवरबीजा की पुलिस टीमों को लगाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पेंड्रावन, बोरसी, कोहड़िया, बारगांव, देवादा, मोतेसरा, खम्हरिया, केशतरा, छिरहा, टेमरी, सोमईकला, खाती, कठौतिया, खेड़ा, भोपसरा, झाल और हाथाडाडु सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई।

पुलिस के पहुंचने पर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि 109 लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थ, जुआ और सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में साइबर सेल, संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button