जगदलपुर में 32.813 किलो गांजा के साथ राजस्थान के दो युवक गिरफ्तार, 16.40 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त

- बस्तर पुलिस की कार्रवाई, राजस्थान की ओर गांजा ले जाने बस का कर रहे थे इंतजार; मोबाइल और नकदी भी जब्त
जगदलपुर, 07 नवंबर 2026। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट पुलिस ने नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे से गांजा तस्करी के आरोप में राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन और 2,100 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड के पीछे दो युवक लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं। वे गांजे को बिक्री के लिए जगदलपुर से रायपुर होते हुए राजस्थान ले जाने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त SP सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर SP अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में बोधघाट TI टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने नया बस स्टैंड के पीछे पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए हुलिए के दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पालेन्द्र चौधरी (20 वर्ष), निवासी ग्राम नेबोई, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान और धर्मेंद्र कुमार (18 वर्ष), निवासी ग्राम हाथलपुर, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के संयुक्त कब्जे में रखे ट्रॉली बैग से सात पैकेट में कुल 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपियों को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी सहित थाना बोधघाट के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




