जगदलपुर में युवती की संदिग्ध मौत: परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की जताई आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग

जगदलपुर, 04 नवंबर 2026। शहर के बाफना लाइफ स्टाइल कपड़ा प्रतिष्ठान में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। युवती की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का दावा है कि अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाने के दौरान युवती के शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए थे। इसके अलावा, प्राइवेट पार्ट के पास सूजन और रुई मिलने की बात भी सामने आई है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है।
मृत युवती की चाची के मुताबिक, जब परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए शव को नहला रहे थे, तब शरीर पर चोट के कई निशान दिखाई दिए। उन्होंने प्राइवेट पार्ट के पास सूजन होने और वहां रुई मिलने का भी दावा किया। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटकाए जाने की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए, ताकि घटना के समय वहां मौजूद लोगों और युवती की गतिविधियों का पता चल सके। परिवार के अनुसार, युवती शाम करीब 6:30 बजे से कहां थी और उसके साथ आखिरी समय में क्या हुआ, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
मामले में प्रतिष्ठान के प्रभावशाली लोगों से जुड़े होने की आशंका जताते हुए परिजनों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बाफना हाउस पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संतोष बाफना का प्रतिष्ठान है। ऐसे में उन्हें मामले को दबाए जाने की आशंका है। परिवार ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग केवल न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
मंगलवार को युवती के परिजनों और वार्डवासियों ने उसकी तस्वीर लेकर रैली निकाली और बाफना हाउस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रतिष्ठान के बाहर रखे कुछ गमले तोड़ दिए, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।
इस मामले में पूर्व विधायक संतोष बाफना का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
इधर, सिटी कोतवाली TI लीलाधर राठौर ने बताया कि पुलिस को बाफना हाउस में एक युवती द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जिस चुन्नी से फंदा बनाया गया था, वह टूट चुकी थी और युवती का शव जमीन पर पड़ा था। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। TI के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




