Chhattisgarh

कोरबा जनदर्शन में पहुंचे 41 आवेदन, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कोरबा, 03 नवंबर 2026। जिले में आयोजित जनदर्शन में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर कुल 41 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना का लंबित कार्य पूरा कराने, अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने, मानदेय शिक्षक का भुगतान, वनाधिकार पट्टे की जांच, जीवन ज्योति बीमा योजना की राशि दिलाने और दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने जैसी मांगें रखीं।

इसके अलावा सोसायटी संचालन, पहुंच मार्ग की समस्या, फौती नामांतरण, स्वरोजगार, भूमि सीमांकन, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, नक्शा कटवाने, अभिलेखों की दुरुस्ती, अतिक्रमण हटाने और आजीविका से संबंधित समस्याओं को लेकर भी आवेदन दिए गए।

कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button