KORBA NEWS:एक ही रात में दो हादसों से थर्राया मुड़ापार, पार्षद बोले- अब होगा आंदोलन

कोरबा। एक रात में दो हादसों से कोरबा का मुड़ापार थर्रा गया. ट्रेलरों की टक्कर से सड़क पर लंबा जमा लग गया. आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से होने वाली परेशानी को देखते हुए स्थानीय पार्षद ने व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में दो बड़े हादसों से हड़कंप मच गया. पहला हादसा रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ लग गई. सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया.
दूसरा हादसा मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुआ जहां दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए. हादसे के बाद दोनों चालकों में विवाद और मारपीट हो गई. दोनों ट्रक सड़क पर ही क्षतिग्रस्त खड़े रहे, जिससे रात से सुबह तक जाम लगा रहा. स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोग परेशान होते रहे.लगातार घट रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने कहा कि भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग कई बार की गई, पत्राचार भी हुआ, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. नो एंट्री में भी ट्रक घुस रहे हैं. अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.




