Chhattisgarh

उद्योग मंत्री ने किया 91.21 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, वार्डों की मूलभूत सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

  • उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर अंतर्गत वार्डों के विकास कार्यों की रखी आधारशिला

कोरबा, 30 अक्टूबर। नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने शुक्रवार को नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत एसबीएस कॉलोनी एवं गायत्री नगर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में 91.21 लाख रुपये की लागत के छह विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में सड़क, नाली निर्माण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी।

वार्डों की छोटी-बड़ी जरूरतों को प्राथमिकता, विकास कार्यों का सिलसिला जारी : मंत्री देवांगन

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगर एवं जिले में बड़ी विकास परियोजनाओं के साथ-साथ वार्डों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता दे रही है। जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान कर उन्हें धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें सफलता भी मिल रही है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नगर के सभी वार्डों में आंतरिक सड़कों का बेहतर निर्माण हो तथा जल निकासी के लिए व्यवस्थित नालियों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे नागरिकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। विभिन्न मदों से विकास कार्यों के लिए लगातार राशि स्वीकृत हो रही है और विकास का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

मूलभूत समस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर : महापौर संजू देवी राजपूत

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से राज्य शासन के विभिन्न मदों एवं जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से कोरबा नगर को निरंतर विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसी का परिणाम है कि नगर पालिक निगम कोरबा के सभी 67 वार्डों में एक साथ विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड की मूलभूत समस्याओं का निराकरण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी संकल्प के साथ विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

इन छह विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में कुल 91.21 लाख रुपये की लागत से निम्नलिखित कार्यों की आधारशिला रखी गई—

  1. वार्ड क्रमांक 27, महाराणा प्रताप नगर: शिव मंदिर के सामने सीसी रोड निर्माण — 8.45 लाख रुपये।
  2. वार्ड क्रमांक 28: सामुदायिक भवन अपना घर के पीछे नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य — 7.80 लाख रुपये।
  3. वार्ड क्रमांक 28: कैरियर पब्लिक स्कूल के पास सड़क निर्माण — 16.50 लाख रुपये।
  4. वार्ड क्रमांक 30, गायत्री नगर: उमा के घर से जीवन यादव के घर तक तथा लाल के घर से संतोषी साहू के घर तक विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण — 23.46 लाख रुपये।
  5. वार्ड क्रमांक 28, एसईसीएल क्रमांक-1 अंतर्गत कुआंभट्टा बस्ती: मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास नाली निर्माण — 15 लाख रुपये।
  6. वार्ड क्रमांक 29: संतोषी कुटी एवं अन्य स्थानों पर कंक्रीटीकरण, वेद जायसवाल के घर से उमेश साहू के घर तक सीसी रोड तथा नालियों पर कवर निर्माण — 20 लाख रुपये।

कुल स्वीकृत राशि : 91.21 लाख रुपये।

शनिवार को भी दो स्थानों पर 1.73 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

नगर में विकास कार्यों की निरंतरता के तहत शनिवार को भी उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में दो स्थानों पर भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत विजय अपार्टमेंट के पास दोपहर 3 बजे 75.20 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन होगा। वहीं, कोसाबाड़ी जोन अंतर्गत दादर चौक सामुदायिक भवन के पास शाम 4 बजे 98.15 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। इस प्रकार दोनों स्थानों पर कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद धनकुमारी गर्ग, वर्षा वैष्णव, सिमरन कौर, मुकुंद कंवर, नारायण कुर्रे, एल्डरमैन वैशाली रत्नपारखी, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, रुक्मणी नायर, दिनेश वैष्णव, सुशील गर्ग, स्मिता सिंह, आरडी भारद्वाज, राजकुमारी पटेल, एल्डरमैन दीपक पटेल, राम अवतार पटेल, भुवनेश्वर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button