Chhattisgarh

Dhamtari Crime News: ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 87 हजार की चांदी बरामद, दो अन्य की तलाश जारी

धमतरी, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ज्वेलरी रिपेयरिंग दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी और नगदी चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की चांदी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 87 हजार रुपए कीमत की चांदी के टुकड़े, तीन मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। वहीं, चोरी के सोने की बिक्री से जुड़े दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी के सेठिया ज्वेलर्स के सामने स्थित राजेन्द्र सोनी की सोने-चांदी की रिपेयरिंग दुकान में 11 अक्टूबर की रात से 12 अक्टूबर 2026 की सुबह के बीच चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 9 ग्राम गलाए हुए सोने के टुकड़े, 500 ग्राम चांदी के टुकड़े तथा 6,500 रुपए नगद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 93,500 रुपए बताई गई थी।

घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यादव भवन, आमातालाब के पास दो युवक चोरी की चांदी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी जयेश शर्मा ने दुकान का ताला तोड़कर सोने और चांदी के टुकड़े चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने के टुकड़े हफीज खान और शेख इस्लाम उर्फ छोटू को बेचने के लिए दिए थे, जबकि चोरी की नगदी खर्च कर दी गई थी। 25 अक्टूबर को आरोपी चोरी की चांदी के तीन गलाए हुए टुकड़े बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने इस मामले में जयेश शर्मा (25 वर्ष), निवासी सदर बाजार, धमतरी और दानेश्वर बनबेर (25 वर्ष), निवासी बठेना पारा, जेल रोड, धमतरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 87 हजार रुपए कीमत के चांदी के तीन गलाए हुए टुकड़े, तीन मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-04-PE-0115 जब्त की गई है।

मामले में साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस चोरी के सोने की बिक्री से जुड़े हफीज खान और शेख इस्लाम उर्फ छोटू की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button