Chhattisgarh

कोरबा में एसी आउटडोर चोरी का खुलासा, शोरूम से चोरी करने वाला आरोपी और दो खरीदार गिरफ्तार, पुलिस ने तीनों को भेजा जेल

कोरबा, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने हुंडई शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी करने वाला मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दो युवक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदरापारा बालको नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को जब वह हुंडई शोरूम पहुंचे, तो वहां सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 877/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोतीसागरपारा निवासी गुड्डू बरेठ (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने एसी का आउटडोर चोरी कर इमलीडुग्गू निवासी कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष) को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कृष्णा बसोड़ से पूछताछ की, जिसने चोरी का सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू गौमाता चौक को बेचने की जानकारी दी।

मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास चोरी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button