Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा : दिवाली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 हजार रुपए के पटाखे जब्त, एक आरोपी पर केस दर्ज

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दीपावली त्योहार से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने ग्राम बिर्रा में कार्रवाई करते हुए करीब 75 हजार रुपए कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। मामले में रुपेश अग्रवाल के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के साथ ही जुआ-सट्टा जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिर्रा थाना पुलिस ने ग्राम बिर्रा निवासी रुपेश अग्रवाल के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रखे गए पटाखे बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपए है। इस मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस प्रेस नोट में जब्त पटाखों का वजन एक स्थान पर 66 किलोग्राम और दूसरे स्थान पर 68 किलोग्राम बताया गया है।

इस कार्रवाई में बिर्रा TI राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित साइबर टीम और बिर्रा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दीपावली के मद्देनजर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध पटाखों के भंडारण पर रोक लगाना है।

Related Articles

Back to top button