CG Crime: पैसों के विवाद में युवक पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला, पिस्टलनुमा हथियार से डराया, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को आधी रात फोन कर बुलाया और पैसे की मांग करते हुए डंडे तथा धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर युवक की ओर फायर करने जैसा कृत्य कर उसे डराया-धमकाया। मारपीट में युवक घायल होकर बेहोश हो गया। घटना की शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। पीड़ित युवक अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी आसिफ खान ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। युवक के पहुंचने पर आरोपी उसे बीटीआई चौक से बड़े नहर पुल की ओर ले गया। वहां आरोपी ने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। युवक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने विवाद करते हुए अपने पास रखे डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने जब मारपीट का विरोध किया तो आरोपी आसिफ खान ने कथित तौर पर हत्या करने की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान युवक ने अपना बचाव करने के लिए मोबाइल फोन निकाला, जिसे आरोपी ने पटककर तोड़ दिया। इसी बीच आरोपी सतीश यादव उर्फ बाटा अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। इसके बाद सतीश यादव और उमाशंकर यादव उर्फ बाबा ने भी डंडों से युवक की पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान सतीश यादव उर्फ बाटा ने अपनी कमर के पास रखा कट्टे जैसा हथियार निकालकर युवक की ओर फायर करने जैसा कृत्य किया। इससे युवक बुरी तरह डर गया। लगातार मारपीट और चोट लगने के कारण वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक को बेहोश देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की जब्ती कार्रवाई में यह हथियार पिस्टलनुमा लाइटर निकला है।
घटना के बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सिटी कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद और मारपीट करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने इस मामले में सतीश यादव उर्फ बाटा (32 वर्ष), पिता धनसाय यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 21, आईबी रेस्ट हाउस के पास जांजगीर, आसिफ खान (25 वर्ष), पिता अब्दुल नसीर खान, निवासी पुरानी बस्ती नैला और उमाशंकर यादव उर्फ बाबा (28 वर्ष), पिता शनिचराम यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 20, खड़पड़ीपारा जांजगीर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पैसों के विवाद के चलते युवक को योजनाबद्ध तरीके से फोन कर बुलाया था। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और हथियार दिखाकर डराया-धमकाया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैसों के लेनदेन से जुड़े विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी विवाद में मारपीट करना, हथियारों से धमकाना या कानून व्यवस्था भंग करना गंभीर अपराध है। ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




