Chhattisgarh

अकलतरा में पत्नी पर तारपीन तेल डालकर आग लगाने वाला आरोपी पति रायपुर से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा,14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर तारपीन तेल डालकर आग लगाने के आरोप में पुलिस ने पति को 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। गंभीर रूप से झुलसी महिला का रायपुर स्थित डी.के.एस. अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव, पिता गणेशराम यादव, मूल निवासी करूमंहू, थाना अकलतरा क्षेत्र का रहने वाला है। वह पिछले चार वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अकलतरा के पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक-1 में रह रहा था। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान वह अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था।

12 अक्टूबर को विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रंग-रोगन के लिए रखे तारपीन तेल को पत्नी के ऊपर डाल दिया और माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अकलतरा ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे रायपुर के डी.के.एस. अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशन में अतिरिक्त SP डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) और 109 के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में TI निरीक्षक जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप और आरक्षक शेषनारायण साहू का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button