रायगढ़: घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव को लेकर अदाणी पावर ने दी सफाई, कहा- सभी अनुमतियों और पर्यावरणीय नियमों का हो रहा पालन

रायगढ़, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अदाणी पावर लिमिटेड ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। कंपनी ने दावा किया है कि फ्लाई ऐश भराव का कार्य सभी आवश्यक प्रशासनिक और पर्यावरणीय अनुमतियां प्राप्त करने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है। कंपनी ने नियमों के उल्लंघन संबंधी आरोपों को निराधार बताया है।
अदाणी पावर के अनुसार, फ्लाई ऐश भराव शुरू करने से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां ली गई थीं। कार्य के प्रत्येक चरण में पर्यावरणीय मानकों और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा भ्रामक जानकारियां फैलाकर अनावश्यक विवाद पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी ने इसके पीछे दबाव बनाकर अवैध वसूली की मंशा होने की आशंका भी जताई है।
कंपनी ने बताया कि ग्राम घठुला छोटे में प्रारंभिक चरण में केवल आवागमन के लिए रास्ता तैयार किया गया था। इसी दौरान प्राकृतिक आपदा के कारण कार्य प्रभावित हुआ और इसे अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद पर्यावरण विभाग की टीम ने स्थल का दोबारा निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कंपनी के मुताबिक, अब आगे का कार्य इन्हीं निर्देशों और निर्धारित शर्तों के अनुरूप किया जा रहा है।
किसानों की जमीन की सुरक्षा को लेकर अदाणी पावर ने दावा किया है कि फ्लाई ऐश भराव स्थल के चारों ओर मजबूत मेड़ बनाई गई है, ताकि राख आसपास के खेतों तक नहीं पहुंचे। कंपनी के अनुसार, अब तक किसी भी किसान के खेत में फ्लाई ऐश नहीं पहुंचा है और स्थल निरीक्षण में भी इसकी पुष्टि हुई है।
अदाणी पावर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय किसानों के हितों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। कंपनी ने संबंधित पक्षों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के आरोप लगाने से पहले अनुमति संबंधी दस्तावेजों, पर्यावरण विभाग के निर्देशों और स्थल की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए।
कंपनी ने दोहराया कि घठुला छोटे में फ्लाई ऐश भराव का कार्य निर्धारित नियमों और पर्यावरणीय शर्तों के तहत किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



