जांजगीर-चांपा में 28 साल का इंतजार खत्म, क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय शुरू; पांच अधिकारियों की नियुक्ति

जांजगीर-चांपा। जिले में पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। करीब 28 वर्षों से प्रतीक्षित क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय अब जांजगीर-चांपा में शुरू हो गया है। कार्यालय का सेटअप तैयार होने के साथ ही पांच अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है और कामकाज भी प्रारंभ हो गया है। इससे जिले में पर्यावरण से संबंधित कार्यों के संचालन और आम नागरिकों को विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी।
भाजपा जिला प्रवक्ता विकास शर्मा ने बताया कि 2 मई को जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के जिला प्रवास के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े के साथ क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय खोलने की मांग रखी गई थी। इस पर मंत्री चौधरी ने त्वरित पहल करते हुए कार्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की।
विकास शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय की शुरुआत जिले के प्रशासनिक विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पर्यावरण से जुड़े विभागीय कार्यों को गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस मांग का पूरा होना जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल का परिणाम है।
इस उपलब्धि के लिए विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय के शुरू होने से जिले में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को नई गति मिलेगी।




