Chhattisgarh

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा; रायपुर और बस्तर में सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति का 22 और 23 अक्टूबर 2026 को रायपुर एवं जगदलपुर (बस्तर) प्रवास प्रस्तावित है। प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधा, परिवहन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाएं। राष्ट्रपति के संपूर्ण प्रवास कार्यक्रमों के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही रायपुर और बस्तर संभाग के संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में लोकभवन तथा बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं। वहीं जगदलपुर के लालबाग ग्राउंड में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर होने वाले विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में भी राष्ट्रपति के शामिल होने का प्रस्ताव है।

राष्ट्रपति के रायपुर पहुंचने से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक आवागमन की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।

राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, आवासीय सुरक्षा तथा अन्य प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन्स के अनुसार राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सर्वसुविधायुक्त चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुरूप मंच और बैकड्रॉप तैयार करने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक बिजली व्यवस्था रखने, साउंड और लाइट सिस्टम की व्यवस्था करने तथा ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर कलेक्टरों को राष्ट्रपति के प्रवास से संबंधित सभी जरूरी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने को कहा। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी दायित्वों में आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया सहित लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर एवं बस्तर के कलेक्टर, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, रायपुर एवं बस्तर के SP तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button