रायपुर की फुटबॉल अकादमी से टीम इंडिया तक किरण पिस्दा की उड़ान, रूस के खिलाफ दिखाएंगी दम

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की बेटी और रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी किरण पिस्दा का भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। किरण अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम की जर्सी में अपना दमखम दिखाएंगी। उन्हें रूस के खिलाफ होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
किरण पिस्दा के भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बातचीत कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किरण ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर प्रयासों से पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने किरण के माता-पिता, प्रशिक्षकों और रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि किरण भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

किरण पिस्दा की सफलता में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अकादमी में उन्हें नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, अनुशासित वातावरण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर मिले, जिससे उनके खेल कौशल को लगातार निखरने का मौका मिला। सरकारी अकादमी में मिली सुविधाओं और प्रशिक्षण के दम पर किरण ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और अब भारतीय सीनियर टीम तक पहुंच बनाई है।
भारतीय सीनियर महिला टीम में किरण पिस्दा की यह वापसी भी है। इससे पहले वह 2022 में नेपाल में आयोजित SAFF Women’s Championship में भारतीय सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब एक बार फिर उन्हें सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला है।
फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत भारत और रूस के बीच दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले खेले जाने हैं। पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को शाम 6 बजे कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में निर्धारित है, जबकि दूसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। इन मुकाबलों में किरण पिस्दा भारतीय टीम की ओर से मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
किरण को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में रायपुर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी की कोच सरिता कुजूर के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल के साथ उनकी मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और मैच के दबाव में प्रदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। किरण के खेल का लगातार आकलन कर उनकी कमियों को दूर करने और प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर काम किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने भी किरण पिस्दा के भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किरण की उपलब्धि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि किरण की उपलब्धि प्रदेश की अन्य बालिका खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
रायपुर की आवासीय फुटबॉल अकादमी से भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम तक किरण पिस्दा का सफर छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने के प्रयासों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अब रूस के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में छत्तीसगढ़ की इस बेटी के प्रदर्शन पर प्रदेश के खेलप्रेमियों की नजरें टिकी हैं।




