Chhattisgarh

पुरानी सिंचाई कॉलोनी में मंदिर समिति का गठन, राहुल सिंह अध्यक्ष और बजरंग शर्मा बने सचिव

जांजगीर। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 19 स्थित पुरानी सिंचाई कॉलोनी में लगभग 40 वर्षों से स्थापित श्री सिंह वाहिनी मां दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर की बेहतर देखरेख और व्यवस्थाओं को लेकर कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों मंदिरों की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सर्वसम्मति से मंदिर समिति के गठन और पंजीयन का निर्णय लिया गया।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि लंबे समय से मंदिरों की नियमित साफ-सफाई, समय पर संचालन और रखरखाव में दिक्कतें आ रही थीं। मंदिर समय पर नहीं खुलने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। वहीं, मंदिर परिसर में चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन समस्याओं को देखते हुए कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर मंदिरों की व्यवस्था बेहतर करने का निर्णय लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से राहुल सिंह को अध्यक्ष और बजरंग शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति द्वारा दोनों मंदिरों की साफ-सफाई, नियमित पूजा-अर्चना, सुरक्षा, रखरखाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।

समिति के गठन और पंजीयन की प्रक्रिया के बाद मंदिरों की व्यवस्था की जिम्मेदारी समिति को सौंपे जाने पर कॉलोनीवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई समिति के माध्यम से मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

समिति का उद्देश्य मंदिरों की धार्मिक गरिमा बनाए रखते हुए कॉलोनीवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से दोनों मंदिरों की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संचालित करना है।

Related Articles

Back to top button