Chhattisgarh

धमतरी में तेज रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत, चालक फरार

धमतरी, 08 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रत्नाबांधा इलाके में बुधवार देर रात अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे 21 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय सागर नागारची बुधवार देर रात पैदल धमतरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान रत्नाबांधा क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सागर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे अभय ठिटे ने घटना की जानकारी इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान को दी। सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पहुंचे और घायल सागर को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया।

हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने सागर नागारची को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पस गया। इधर, हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button