लोकभवन मार्च के दौरान तेजस्वी यादव गिरफ्तार, मीसा भारती बोलीं- महिलाओं के कपड़े फाड़े गए

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आज गुरुवार (8,अक्टूबर) को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के कथित मुद्दों को लेकर लोकभवन मार्च निकाला गया। मार्च में महागठबंधन के कई नेता शामिल रहें और राजधानी पटना की सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। विपक्ष के प्रदर्शन को देखते हुए जगह-जगह पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई। इसके साथ ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स की भी तैनाती की गई। हालांकि प्रदर्शनकारियों का काफिला जैसे ही पटना सचिवालय के पास पहुंचा, वहां मौजूद पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान उनके बीच कहासुनी और हल्की झड़प भी देखने को मिली।
तेजस्वी-सहनी समेत कई नेता गिरफ्तार प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने बैरिकेंडिग को फांदकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद पुलिस ने तेजस्वी और मुकेश सहनी समेत विपक्ष के कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान तेजस्वी ने कहा कि, ये तानाशाही है, जो कि गलत है। हमारी लड़ाई जारी रहेगी। ज्ञानेश कुमार की इस्तीफा देना होगा।
तेजस्वी को गिरफ्तार कर जिस गाड़ी से लाया जा रहा था। उस गाड़ी के ऊपर राजद विधायक गौतम कुमार और महागठबंधन के कई कार्यकर्ता चढ़ गए। इस दौरान वे नारेबाजी भी कर रहे थे। मौके पर काफी देर तक हंगामे और अफरा-तफरी की स्थिति रही।
लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे- तेजस्वी वहीं, गिरफ्तारी से पहले तेजस्वी यादव ने अपने एक बयान में कहा कि, जिस हिसाब से ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र का मजाक बनाया है, जिस हिसाब से लोकतंत्र को ये लोग खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। ये बिहार की धरती है और लोकतंत्र की जननी से इन लोगों ने SIR की शुरुआत की। हम लोग लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे। हम लोग संविधान मानने वाले लोग हैं, लेकिन जिस हिसाब से पूरा फर्जीवाड़ा चुनाव आयोग में चल रहा है। ये ज्यादा देर तक चलने वाला नहीं है। इनके जाने की शुरुआत हो चुकी है।
महिलाओं के कपड़े फाड़े गए- मीसा भारती राजद सांसद और लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती भी आज पटना की सड़कों पर उतरी और प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार पर कई आरोप लगाए। मीसा भारती ने कहा कि, देश के सच के साथ जो खड़ा रहेगा, उसको ईडी और सीबीआई के जरिए परेशान करने का काम यह सरकार कर रही है। हमारा प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (ज्ञानेश कुमार) के खिलाफ है। हमारा प्रदर्शन उस सरकार के खिलाफ है, जो उसे हटा नहीं रही है। आज भी हमारे पार्टी के नेता की गिरफ्तारी हुई है। महिला कार्यकर्ताओं के कपड़े फाड़े गए हैं। देश में लोकतंत्र खतरे में है और खतरा इस सरकार से हैं।
बिहार में कोई सुरक्षति नहीं- मीसा भारती इस दौरान मीसा भारती ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी बड़ा आरोप लगाया और कहा कि बिहार में लगातार लड़कियों के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के मामले बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री कह रहे है कि मीडिया के माध्यम से दो चार घटना सामने आई है। हम कहते हैं कि जब उनके परिवार के लोगों के साथ ये होगा, तब उनकी नींद खुलेगी। वो अभी सोए हुए हैं, उनके नजर में ये घटना मामूली है। बिहार में सरकार नाम की चीज नहीं है, कोई सुरक्षित नहीं है।




