Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को दोपहर बाद अचानक बादल घिर आए। तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि रायपुर के सड्डू सहित कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।

मौसम में बदलाव से पहले राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छाने लगे और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। हालांकि, रायपुर के सभी क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई और कई इलाकों में धूप भी खिली रही। माना क्षेत्र में कुछ देर तक बारिश हुई, जबकि सड्डू इलाके में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। इस दौरान कई क्षेत्रों में बादलों की तेज गर्जना भी सुनाई दी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के ऊपर बने एक अन्य चक्रवाती सिस्टम के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने का असर भी प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। बुधवार को दुर्ग में दोपहर के समय अच्छी बारिश हुई। इससे पहले बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ से मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, हालांकि बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में मानसून की गतिविधियों का प्रभाव बना हुआ है। फिलहाल प्रदेश में दिन के समय तेज धूप और रात के समय हल्की ठंडक का दौर जारी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार को भी बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। शुक्रवार के बाद चक्रवाती सिस्टम के कमजोर होने की संभावना है, जिसके बाद मौसम में धीरे-धीरे स्थिरता आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button