Chhattisgarh

आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया जांजगीर-चांपा पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण

जांजगीर-चांपा, 6 अक्टूबर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (आईपीएस) ने मंगलवार को जांजगीर-चांपा जिला पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन जांजगीर में परेड की सलामी ली और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन तथा परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, संवेदनशील व्यवहार तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड के बाद पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस दरबार में आईजी ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि थाना और चौकी में आने वाले पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ जुआ, सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस लाइन की वाहन, स्टोर और आर्म्स शाखा का भी जायजा लिया। वाहनों एवं दस्तावेजों की जांच करते हुए उन्होंने शासकीय सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव, समय पर वितरण तथा हथियारों की सुरक्षित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए सेवा पुस्तिकाओं, अनुकम्पा नियुक्ति, लंबित पेंशन, भविष्य निधि, बजट, निर्माण कार्य, न्यायालयीन प्रकरण, निलंबित अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित मामलों, अपील और अवकाश प्रकरणों की समीक्षा की गई। थाना-चौकियों से प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

वार्षिक निरीक्षण के बाद आईजी गर्ग ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत, शारीरिक फिटनेस और पौष्टिक खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। पुलिस लाइन में नवीन पुलिस जिम का शुभारंभ करने के साथ यातायात शाखा जांजगीर के जीर्णोद्धार किए गए भवन का उद्घाटन भी किया गया।

जांजगीर के ड्रीम प्वाइंट होटल में आयोजित सम्मान समारोह में राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान और महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी ने जनसहयोग को प्रभावी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए इनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और कानूनी संरक्षण की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। आईजी ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अनजान लिंक से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP और निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।

इसके बाद आईजी ने थाना चांपा का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, पुराने लंबित प्रकरणों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने तथा जुआ, सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button