माहवारी जागरूकता अभियान में जांजगीर-चांपा के स्काउट्स-गाइड्स का उत्कृष्ट प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा। माहवारी जागरूकता को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में जांजगीर-चांपा जिले के स्काउट्स-गाइड्स ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। यूनिसेफ एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के संयुक्त प्लेटफॉर्म पर संचालित ‘तारुण्य वार्त्ता, पीरियड्स पर खुलकर’ अभियान के तहत किशोरियों और किशोरों के बीच जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान में प्रदेशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गाइड्स का राज्य स्तर पर चयन कर सम्मान किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रायपुर के स्व. बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा और राज्य उपाध्यक्ष सांसद लक्ष्मी वर्मा की उपस्थिति में चयनित गाइड्स को सम्मानित किया।
इन पांच चयनित गाइड्स में जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा की सावित्री बाई फुले गाइड कंपनी की वॉलेंटियर एवं राज्यपाल गाइड पूर्वशी साहू भी शामिल रहीं। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राज्य स्तर पर सम्मान मिला।
अभियान को सफल बनाने में डीओसी गाइड एवं सावित्री बाई फुले गाइड कंपनी की गाइड कैप्टन श्वेता जायसवाल के नेतृत्व में जिले की महिला लीडर्स, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान माहवारी से जुड़े विषयों पर किशोरियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और झिझक दूर करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
2 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 11,100 स्काउट्स-गाइड्स शामिल हुए। जांजगीर-चांपा जिले से भी 206 स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और स्काउटर-गाइडर ने सहभागिता की। जिले के अधिकारियों और स्काउट-गाइड पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में दल ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
पूर्वशी साहू के राज्य स्तर पर सम्मानित होने पर जिले के स्काउट-गाइड पदाधिकारियों और सदस्यों ने खुशी जताते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।




