Chhattisgarh

मुंगेली में नाबालिग छात्रा से दरिंदगी, दिनदहाड़े अगवा कर पीटा; नशीला इंजेक्शन लगाकर गैंगरेप का गंभीर आरोप

मुंगेली में 14 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप का आरोप, दो युवकों पर FIR

मुंगेली, 3 अक्टूबर 2026। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। छात्रा ने दो युवकों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और बाद में जबरन एक मकान में ले जाकर नशीला इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। छात्रा के अनुसार इंजेक्शन लगाने के बाद वह बेहोश हो गई थी। होश में आने पर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर के निचले हिस्से तथा कमर में दर्द था। छात्रा ने आशंका जताई कि बेहोशी की हालत में दोनों युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती की।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार घटना की शुरुआत 29 सितंबर की शाम हुई। छात्रा अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। इसी दौरान साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से मारपीट की और किसी को घटना के बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने छात्रा को 500 रुपये भी दिए। घटना से भयभीत छात्रा घर जाने के बजाय बस से रतनपुर चली गई, जहां एक अज्ञात महिला ने उसे सहारा दिया।

छात्रा के बयान के मुताबिक 30 सितंबर को घर लौटते समय वह सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची। शाम करीब पांच बजे दोनों युवक उसे फिर मिल गए। आरोप है कि दोनों ने उसे जबरन पकड़कर एक मकान में ले गए। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वहां एक आरोपी ने उसका हाथ पकड़ रखा था, जबकि दूसरे ने उसके हाथ में इंजेक्शन लगाया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर दोनों युवक उसके सामने मौजूद थे। छात्रा ने हाथ में भी दर्द होने की बात पुलिस को बताई है।

घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन 1 अक्टूबर को जरहागांव थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल, संबंधित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर आरोपों की पुष्टि कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button