Chhattisgarh

बेमेतरा में दो पुलिस अधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई, 80 साल से अधिक की सेवाओं को किया गया याद

बेमेतरा, 30 सितम्बर। पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद निरीक्षक के.सी. दास और उप निरीक्षक भुनेश्वर लाल यादव 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उनके सम्मान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ और सुखमय भविष्य की कामना की।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने दोनों अधिकारियों को श्रीफल, शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्हें पेंशन एवं उपादान आदेश भी प्रदान किए गए। एसपी ने कहा कि पुलिस सेवा में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। के.सी. दास और भुनेश्वर लाल यादव ने अपने सेवाकाल में मुस्तैदी और कार्यकुशलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

निरीक्षक के.सी. दास ने पुलिस विभाग में करीब 36 वर्ष 8 माह से अधिक समय तक सेवा दी। वे वर्ष 1990 में जिला दंतेवाड़ा में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा, बीजापुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और बलौदाबाजार-भाटापारा में सेवाएं दीं।

वहीं, उप निरीक्षक भुनेश्वर लाल यादव ने करीब 43 वर्ष 5 माह से अधिक समय तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। वे वर्ष 1983 में जिला बस्तर में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। उन्होंने बस्तर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव, दुर्ग और बेमेतरा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में अपनी सेवाएं दीं।

समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी भुषण एक्का, डीएसपी कौशिल्या साहू और डीएसपी शशीकला उईके सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार जताया। समारोह का संचालन रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो ने किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और भावुक माहौल में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button