नवागढ़ में ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प, अवैध शराब बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस अब कार्रवाई के साथ-साथ सामुदायिक जागरूकता पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गांव में पूर्ण शराबबंदी का संकल्प लिया है। ग्रामीणों की इस पहल का घरघोड़ा पुलिस ने स्वागत किया और अवैध शराब बनाने या बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
ग्राम नवागढ़ में शराबबंदी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को आमंत्रित किया गया। उन्होंने ग्रामीणों के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल सिर्फ शराबबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
थाना प्रभारी ने कहा कि नशे का असर सड़क दुर्घटनाओं के साथ-साथ घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य अपराधों के रूप में भी सामने आता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में अवैध शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अवैध शराब पर पुलिस की सख्त नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों द्वारा शराबबंदी का सामूहिक निर्णय लिए जाने के बाद यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
ग्रामीणों ने भरोसा दिलाया कि वे शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग बनाए रखेंगे और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगे।
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य नशामुक्त गांव, सुरक्षित परिवार और अपराधमुक्त समाज की दिशा में सामूहिक प्रयास को मजबूत करना है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। समाज और ग्रामीणों की भागीदारी से ही नशामुक्ति अभियान को मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवागढ़ के ग्रामीणों के शराबबंदी के निर्णय को सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण बताया।




