Chhattisgarh

राजनांदगांव में खिलाड़ियों और युवाओं से बोले अरुण साव, कहा- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सरकार प्रतिबद्ध

राजनांदगांव, 29 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान खेल नगरी के रूप में है। यहां की खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकाग्रता होती है। लक्ष्य के प्रति पूरी तरह केंद्रित और अनुशासित रहकर ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां विभिन्न खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य गीता यादव और मधु सिदार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों का जिक्र किया।

छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य प्रायोजित हॉकी लीग

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में राज्य में पहली बार सरकार द्वारा प्रायोजित हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। यह लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी। इसके लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जबकि 223 खिलाड़ी पहले दिन के ट्रायल में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह टीमें गठित की जाएंगी।

राजनांदगांव की टीम का नाम यहां की पहचान के अनुरूप ‘संस्कारधानी’ रखा गया है। अन्य टीमों के नामों में भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक और स्थानीय पहचान को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प अभियान यात्रा के तहत राजनांदगांव पहुंचे बाइकर्स का स्वागत किया गया। सांसद संतोष पाण्डेय ने यात्रा को सेवा, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा बताया। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से अपने अनुभव साझा करते हुए सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव सहित सेवा संकल्प यात्रा के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button