विश्व हृदय दिवस पर कोरबा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 63 मरीजों ने लिया लाभ

कोरबा, 29 सितम्बर 2026। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हृदय रोग सहित सामान्य, कष्टसाध्य और असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म और योग संबंधी परामर्श एवं उपचार की सुविधा दी गई। शिविर में कुल 63 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान धनवंतरी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान चिकित्सकों ने लोगों को हृदय स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
संस्थान के प्रमुख चिकित्सक नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि हृदय की नियमित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना जरूरी है। शिविर में मरीजों को खान-पान, दिनचर्या और हृदय की देखभाल से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
शिविर में नि:शुल्क ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई। ब्लड प्रेशर और मधुमेह के नियंत्रण एवं उपचार के लिए औषधियां तथा अर्जुन टैबलेट नि:शुल्क वितरित की गईं। हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी अर्जुन क्षीर क्वाथ भी मरीजों को पिलाया गया। इसके साथ ही हृदय रोगियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं।
सडन कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में जीवन रक्षा के लिए सीपीआर थेरेपी और ‘सावित्री आसन’ की जानकारी एवं प्रशिक्षण भी दिया गया। यह प्रशिक्षण ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के सदस्य नेत्र नंदन साहू ने प्रदान किया।
शिविर में पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के निदेशक शिव जायसवाल, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष सुधीर सक्सेना सहित अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, मनीष कौशिक, कुश गुप्ता, तोरेंद्र सिंह, देवबलि कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया और श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा का सहयोग रहा।




