Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: 1 से 3 नवंबर तक होगा आयोजन, तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्योत्सव के साथ राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को राज्योत्सव की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। विभागों को अपनी तैयारियों और प्रदर्शनी की कार्ययोजना 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर देते हुए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनी और प्रस्तुतियां तैयार करने के निर्देश दिए। राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ के भविष्य, विकास और उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बैठक में पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयोजन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित है।

राज्योत्सव में विभागों की जिम्मेदारियां तय

बैठक में राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है।

जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार के साथ हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था संभालेंगे। वहीं स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग को चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, रायपुर संभाग के आयुक्त, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button