Chhattisgarh

CG BREAKING: नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

दुर्ग, 28 सितम्बर । जिले के डुंडेरा गांव के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक तंदुला नहर में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के पास से गुजर रहे लोगों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही क्षेत्र में हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज होने की भी जानकारी ली जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि शव नहर में किसी दूसरे स्थान से बहकर डुंडेरा के पास पहुंचा हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस ने आसपास के जिलों में भी महिला के शव मिलने की सूचना भेजकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

फिलहाल महिला की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button