Chhattisgarh

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में चयनित हुई अनिता महंत, सक्ती का बढ़ाया गौरव

सक्ती। शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) की छात्रा कु. अनिता महंत ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्था और सक्ती जिले का नाम रोशन किया है। अनिता महंत का चयन शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्र 2026-27 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई।

अनिता महंत की इस उपलब्धि से शासकीय अनुसूचित जाति कन्या क्रीड़ा परिसर चिस्दा (हसौद) में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता को परिसर की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से परिसर की छात्राएं विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

परिसर की अधीक्षिका संगीता प्रसाद ने बताया कि शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्र 2026-27 में परिसर की 36 छात्राओं ने जिला स्तरीय तथा 20 छात्राओं ने संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छात्राओं ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में योगा, कबड्डी, खो-खो, सॉफ्टबॉल, सॉफ्ट टेनिस और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। छात्राओं ने विकासखंड, जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। इनमें से अनिता महंत का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन परिसर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अनिता महंत के राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयन पर आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला सक्ती की सहायक आयुक्त स्वप्निता सिंह ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परिसर की अधीक्षिका संगीता प्रसाद और अन्य छात्राओं को भी बधाई देते हुए आगामी खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेलों में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button