Bihar Crime: पटना में गैराज संचालक की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी गोली

पटना। राजधानी पटना में बेखौफ बदमाशों का तांडव जारी है। ताजा मामला रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके में अपराधियों ने गैराज संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना कल शनिवार की है, जब अपराधियों ने एक गैराज संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गैराज संचालक की पहचान अंजनी नंदन कुमार के रूप में हुई। मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही वे अपने गैराज से बाहर निकले, इस दौरान पहले से ही घात लगाए अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दी।
हौसला बुलंद अपराधियों ने एक के बाद कर कुल 4 गोलियां गैराज संचालक को मारी, जिसमें से एक गोली सिर में लगी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आसानी से घटनास्थल से फरार हो गए।
इलाज के दौरान गैराज संचालक की मौत
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल पड़े गैराज संचालक अंजनी नंदन को तुरंत इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उनका गंभीर हालत में इलाज चल रहा था। हालांकि आज रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बार मृतक के परिजनों में मातम पसर गया। सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। अपराधियों की पहचान व उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी हुई है।
सीटी एसपी शैलजा दास का बयान
गैराज संचालक को गोली मारने की घटना पर पटना ईस्ट की सिटी SP शैलजा दास ने कहा कि, रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई है। हम सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। हमें जो भी जानकारी मिलेगी, उसके आधार पर हम लोग कड़ी कार्रवाई करेंगे। संचालक को 3 से 4 गोली लगने की जानकारी मिली है। वो अभी भर्ती है और हम लोग मामले को देख रहे हैं। हम आगे की कार्रवाई करेंगे। हमें अभी पता चला है कि हमला करने बाइक पर 2 लोग आए थे मगर हम पता कर रहे हैं कि और भी लोग आए थे या नहीं? घटनास्थल से 3 खोखे बरामद हुए हैं और बाकी जानकारी पता कर रहे हैं।



