‘हीरो की पत्नी को आप पसंद नहीं’ इस बात पर तापसी पन्नू को फिल्म से किया आउट, बोलीं- अब मैं खुद मना कर देती हूं

Taapsee Pannu On Actress Selection: बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू बड़े ही बोल्ड और बिंदास तरीके से अपनी बात कहने के लिए जानी जाती हैं। तापसी ने कई बार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अपने अच्छे बुरे एक्सपीरियंस फैंस के साथ शेयर किए हैं। अब एक्ट्रेस ने एक बेहद ही हैरान करने वाला खुलासा किया है।
तापसी ने बताया कि कैसे महज किसी हीरो की जिद के चलते उन्हें बिना कोई वजह बताए एक फिल्म से बाहर निकाल दिया गया था। इतना ही नहीं, उन्होंने एक और घटना को याद करते हुए बताया कि एक बार तो हीरो की पत्नी को वह पसंद नहीं थीं, इसलिए उन्हें प्रोजेक्ट से हटा दिया गया।
नयनदीप रक्षित से बातचीत में तापसी पन्नू ने कहा, “मुझसे साफ कह दिया गया था कि फिल्म के लीड हीरो ने मुझे रिप्लेस करवाया है। अब इसके पीछे क्या वजह थी, यह तो भगवान ही जाने। मैं अक्सर वजहों का अंदाजा लगाने की कोशिश करती हूं, हो सकता है यह उनकी इनसिक्योरिटी की भावना हो या फिर वह अपनी किसी करीबी को फिल्म में लेना चाहते हों। कारण कई हो सकते हैं, लेकिन मुझे कभी कोई ठोस वजह नहीं बताई गई। जब मैंने बार-बार बाहर किए जाने की वजह पूछी, तो मुझे बस इतना जवाब मिला कि हीरो नहीं चाहते कि आप इस फिल्म का हिस्सा बनो।”
Read more at:सीएम विजय की आखिरी फिल्म का तूफान, 200 करोड़ का आंकड़ा पार, जानिए डिटेल्स
इसके साथ ही एक्ट्रेस ने बताया, ‘मुझे रिप्लेस करने के लिए अब तक की सबसे वाहियात वजह यह दी गई थी कि हीरो की पत्नी आपको पसंद नहीं करती हैं। मुझे आज तक समझ नहीं आया कि आखिर उन्हें मुझसे क्या दिक्कत थी।’ हालांकि, तापसी ने न तो एक्टर के नाम का खुलासा किया और न ही उनकी पत्नी का।
तापसी ने हाल ही में पीटीआई को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया था कि टाइपकास्ट होने की इसी घबराहट के चलते अब उन्होंने ऐसी फिल्मों के ऑफर ठुकराने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘आजकल हर कोई अपने कंफर्ट जोन में रहकर वही पुराना आजमाया हुआ तरीका अपना रहा है। उदाहरण के लिए, अगर बात ग्लैमरस रोल की हो, तो इंडस्ट्री के पास ऐसी 5 एक्ट्रेस तय हैं। वहीं, अगर कोई गंभीर या सामाजिक मुद्दे से जुड़ी फिल्म बनानी हो, तो उनके पास अलग से 5 हीरोइनों की लिस्ट तैयार रहती है।’
एक्ट्रेस का मानना है कि एक ही तरह की भूमिकाएं करने से दर्शकों के लिए कहानी का सस्पेंस खत्म हो जाता है। तापसी ने बताया, ‘मैंने मेकर्स को साफ मना करना शुरू कर दिया है। मैं उनसे सीधे कह देती हूं कि अगर आप मुझे इस रोल में लेंगे, तो दर्शक फिल्म का क्लाइमैक्स पहले से ही भांप लेंगे। इसलिए मैं उनसे कहती हूं कि मुझे इस प्रोजेक्ट में मत लीजिए, यह आपकी फिल्म के लिए सही नहीं होगा। एक तरह से देखा जाए तो मैंने खुद कई फिल्मों को मना किया है।’




