कवर्धा में मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, संभागायुक्त ने निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने दिए निर्देश

कवर्धा, 26 सितंबर। संभागायुक्त एस.एन. राठौर ने शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन नवीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एस.एन. राठौर एवं कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने विद्यार्थियों द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

संभागायुक्त ने मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने, आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा उनकी जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया।




