Chhattisgarh

CG BREAKING: एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बनकर घर में घुसे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, गोली मारने की धमकी देकर 2.50 लाख का सामान ले जाने का आरोप

धमतरी, 23 सितम्बर 2026। एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई धमतरी पुलिस द्वारा फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन रुद्री में एक प्रार्थी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ आरोपी खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताकर उसके घर में अनधिकृत रूप से दाखिल हुए। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड तथा आठ मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक, ले जाए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 331(3), 308(4), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।

मामले में पुलिस ने पूर्व में रामचंद देवांगन, पिता पंचूराम देवांगन, उम्र 40 वर्ष, निवासी जल विहार कॉलोनी, गली नंबर 02, रुद्री और नागेंद्र पटेल, पिता जितन पटेल, उम्र 34 वर्ष, निवासी पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी।

प्रकरण में हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया फरार चल रहा था। फरार आरोपी की तलाश के दौरान रुद्री पुलिस ने उसे 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन रुद्री के नेतृत्व में यह कार्रवाई की।

Related Articles

Back to top button