Chhattisgarh

रायगढ़ साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता की बढ़ी तारीख, अब 29 सितंबर तक जमा कर सकेंगे वीडियो

रायगढ़, 23 सितंबर 2026। रायगढ़ पुलिस की ओर से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित साइबर जागृति अभियान की लघु फिल्म प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को बड़ी राहत दी गई है। युवाओं और वीडियो क्रिएटर्स की मांग को देखते हुए प्रतियोगिता में वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितंबर 2026 कर दी गई है। प्रतियोगिता के विजेताओं के परिणाम 3 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में घोषित किए जाएंगे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रचनात्मक फिल्मों और प्रभावशाली कहानियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के तरीकों, उनके दुष्परिणाम, चेतावनी संकेत और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिता में देश-दुनिया के किसी भी स्थान से प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। मोबाइल फोन से बनाई गई फिल्मों को भी प्रतियोगिता में स्वीकार किया जाएगा और ऐसे प्रयासों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।

प्रतिभागी अपनी तैयार फिल्म को Google Drive अथवा किसी अन्य विश्वसनीय फाइल-होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका सक्रिय और सार्वजनिक रूप से देखने योग्य लिंक जमा कर सकेंगे। प्रतियोगिता के अन्य नियम और शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रतियोगिता में रोटरी क्लब रायगढ़ और अन्य संस्थानों का सहयोग रहेगा, जबकि इसका प्रबंधन Take 3 Studios द्वारा किया जाएगा।

प्रतियोगिता के लिए हिंदी, अंग्रेजी अथवा छत्तीसगढ़ी भाषा में साइबर और डिजिटल अपराध से जुड़े विषयों पर फिल्म बनाई जा सकती है। इनमें डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस, CBI, कस्टम या बैंक अधिकारी बनकर ठगी, हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन, ब्लैकमेलिंग, ऑनलाइन जबरन वसूली, OTP, UPI, QR कोड और कार्ड फ्रॉड, फिशिंग ईमेल, फर्जी SMS और लिंक, APK फाइल तथा अनजान एप के जरिए ठगी, स्क्रीन शेयरिंग और रिमोट एक्सेस एप, मालवेयर, पहचान की चोरी, SIM स्वैप, सोशल मीडिया अकाउंट टेकओवर, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर स्टॉकिंग, डॉक्सिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डीपफेक, मॉर्फिंग, प्रतिरूपण, फर्जी निवेश और ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड, फर्जी नौकरी एवं वर्क फ्रॉम होम स्कैम, टास्क और लोन एप घोटाले, ई-कॉमर्स एवं कस्टमर केयर फ्रॉड सहित महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा जैसे विषय शामिल हैं।

रायगढ़ पुलिस ने प्रतिभागियों से केवल साइबर अपराध की घटना दिखाने के बजाय उसके चेतावनी संकेत, बचाव के उपाय और सुरक्षित तरीके से रिपोर्ट करने की जानकारी भी फिल्म में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपेक्षा की है। रैनसमवेयर, डेटा चोरी, बिजनेस ईमेल कम्प्रोमाइज, फेक न्यूज, डिजिटल गोपनीयता और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार जैसे विषयों पर भी फिल्म बनाई जा सकती है।

प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। श्रेणी ‘अ’ में 3 से 6 मिनट की फिल्में शामिल होंगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। श्रेणी ‘ब’ में अधिकतम 3 मिनट की फिल्म या रील प्रस्तुत की जा सकती है। इस श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 75 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये दिया जाएगा। दोनों श्रेणियों में कुल पुरस्कार राशि 3.75 लाख रुपये तक है।

प्रतियोगिता में प्रस्तुत फिल्म मौलिक होना जरूरी है। फिल्म में इस्तेमाल किए गए संगीत, दृश्य, चित्र और अन्य सामग्री के आवश्यक अधिकार प्रतिभागी के पास होना अनिवार्य है। संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान और निजी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना भी जरूरी होगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। चयनित फिल्मों का उपयोग रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराध जागरूकता और सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार के लिए किया जा सकता है।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 29 सितंबर 2026 तक प्रविष्टि जमा की जा सकती है। परिणाम 3 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में घोषित होंगे। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए filmotsav.org पर संपर्क किया जा सकता है। संपर्क नंबर 8817420420 और ईमेल contact@filmotsav.org है।

Related Articles

Back to top button