Chhattisgarh

बेमेतरा में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 33 वाहन चालकों से 11,600 रुपये समन शुल्क वसूला

बेमेतरा, 18 सितंबर 2026। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बेमेतरा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और श्रीमती कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में थाना, चौकी और यातायात पुलिस की टीमों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत 16 और 17 सितंबर 2026 को बेमेतरा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 33 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इन 33 प्रकरणों में पुलिस ने कुल 11,600 रुपये का समन शुल्क वसूल किया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, आदेश की अवहेलना, घातक स्थिति में वाहन खड़ा करने, मौके पर वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों पर कार्रवाई की गई।

16 और 17 सितंबर को थाना साजा में 1 चालान के जरिए 1 वाहन चालक, थाना चंदनू में 3 चालान के जरिए 3 वाहन चालकों तथा यातायात बेमेतरा पुलिस द्वारा 29 चालान के जरिए 29 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 33 प्रकरणों में 11,600 रुपये का समन शुल्क लिया गया।

बेमेतरा पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नो-एंट्री, तेज गति से वाहन चलाने, बिना लाइसेंस, बिना बीमा, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, परमिट शर्तों के उल्लंघन, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा शराब के नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, सहायक उपनिरीक्षक जहीर खान सहित यातायात बेमेतरा पुलिस की टीम शामिल रही।

बेमेतरा पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने, नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करने की बात कही गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button