Chhattisgarh

सूने मकान में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चांदी के आभूषण और नकदी समेत 20 हजार का सामान बरामद

जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर 2026। जांजगीर शहर के बनारी क्षेत्र में सूने मकान का दरवाजा तोड़कर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, चांदी की मूर्ति, सिक्के, घड़ियां और नगदी समेत करीब 20 हजार रुपये की सामग्री बरामद की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार बनारी निवासी शुभ्रकांत पाण्डेय ने 16 सितंबर को थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे वे निजी काम से जांजगीर गए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे जब वापस घर लौटे तो मकान के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे चांदी के पायल, सिक्के, राधा-कृष्ण की मूर्ति और नगदी समेत करीब 20 हजार रुपये की सामग्री गायब थी।

रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 749/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को नैला निवासी क्रांति राठौर पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चांदी के पायल, राधा-कृष्ण की मूर्ति, चांदी का सिक्का, टाइटन की घड़ी, डिजिटल घड़ी, अन्य सिक्के और नगदी रकम बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रांति राठौर, पिता लकेश्वर राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 6 नैला, चौकी नैला, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और भीम श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button