एक लाख दीपों से जगमगाया शिवरीनारायण का महानदी घाट, सेवा संकल्प अभियान का हुआ भव्य आगाज

जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिवरीनारायण स्थित महानदी घाट पर भव्य ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 7 बजे महानदी घाट एक साथ जलाए गए एक लाख दीपों से जगमगा उठा। इस दौरान महानदी महाआरती का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पवन साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, राजेश्री महंत राम सुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, संजय अग्रवाल, विकास शर्मा, आनंद मिरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीपों को सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक बताया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं, जिलेवासियों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की।
गौरतलब है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों और जनभागीदारी से जुड़े आयोजनों का आयोजन किया जाएगा।




