रायपुर में 18.330 किलो गांजा के साथ ओडिशा के दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 9.36 लाख की जप्ती…

रायपुर,14 सितंबर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने लालपुर ओवरब्रिज के पास गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहे ओडिशा के दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.330 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 16 हजार 500 रुपये है, बरामद किया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जप्ती की कीमत करीब 9 लाख 36 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स रायपुर कमिश्नरेट की टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर ओवरब्रिज के पास दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुड़िया ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम मंगल हरिजन और भीमराज तांडी बताया। दोनों आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं।
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर कुल 18.330 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 852/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर में बिक्री करने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उन्हें किस सप्लायर से मिला था और इसे रायपुर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ एंड-टू-एंड कार्रवाई करने की बात कही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल हरिजन (19 वर्ष), पिता मोती लाल हरिजन, निवासी ग्राम सालेकेला, थाना बुढ़ेन, जिला नवापारा, ओडिशा और भीमराज तांडी (23 वर्ष), पिता टिकनू तांडी, निवासी ग्राम सालेकेला, थाना बुढ़ेन, जिला नवापारा, ओडिशा के रूप में हुई है।
रायपुर कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




