कांग्रेस खेमे में बड़ा सियासी ‘सरप्राइज’! पूर्व IAS डॉ. राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो ने थामा हाथ

लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय नेहरू भवन में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में स्वैच्छिक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और साउथ इंडियन अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने दोनों को विधिवत प्राथमिक सदस्यता दिलाई. कार्यक्रम में अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, विचार विभाग के वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र यादव, बद्री विशाल तिवारी, राजेश जायसवाल, अनामिका यादव, पुष्पेन्द्र सिंह, संजय सिंह, राकेश पाण्डेय, के.के. शुक्ला, राजेन्द्र पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे.
सदस्यता ग्रहण करते हुए डॉ. राकेश वर्मा ने कहा कि आज के दौर में अधिकारी अपने काम के बजाय दूसरे काम कर रहे हैं. देश को बचाना है तो शिक्षा पर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश आज ऐसे लोगों के हाथों में है जिनका लोकतंत्र और संविधान पर विश्वास नहीं है.देश संविधान से चलेगा और कांग्रेस संविधान का पालन करने वाली पार्टी है. डॉ. वर्मा ने बताया कि वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलकर प्रभावित हुए और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संघर्षों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे काम करने आए हैं और अच्छे कार्य होने चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दोनों को तिरंगा पट्टिका पहनाकर स्वागत किया. उन्होंने कहा कि डॉ. राकेश वर्मा और फिरदौस बानो समाज के लिए कार्य कर रहे हैं. डॉ. वर्मा 85 दिव्यांग बच्चों की परवरिश कर रहे हैं. वे नेक दिल इंसान हैं और उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी. उन्होंने पार्टी संगठन में काम करने की इच्छा भी जताई है.इसी मौके पर मोहनलालगंज से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नरेन्द्र गौतम के नेतृत्व में राम कुमार ठाकुर, विकास चन्द्रा, राज कुमार, सुमित कुमार, शैलेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र कुमार ठठेर, मो. उस्मान, मो. जाकिर हुसैन आदि ने भी अपने साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.




