BREAKING:कोरबा की हवा हुई साफ, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में 10वें स्थान पर…

0 तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा ने बनाई जगह
0 पिछले सर्वेक्षण में 18वें स्थान पर था कोरबा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दी नगरवासियों और नगर निगम की टीम को बधाई
कोरबा, 08 सितंबर। कोरबा नगर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा ने देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है। पिछले स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कोरबा 18वें स्थान पर था। इस बार शहर ने अपनी रैंकिंग में आठ स्थान का सुधार करते हुए देश के शीर्ष 10 शहरों में जगह बनाई है।
इस उपलब्धि पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कोरबा का 10वां स्थान हासिल करना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता का परिणाम है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कोरबा में वायु प्रदूषण कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हसदेव नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना पर तेजी से कार्य जारी है। इन प्रयासों से आने वाले समय में कोरबा के पर्यावरण में और सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।
उद्योग मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कोरबा की बेहतर रैंकिंग पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।




