Chhattisgarh

गणेश उत्सव की सुरक्षा को लेकर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट — 70 से अधिक समितियों के साथ एसपी अंकिता शर्मा ने बनाई समन्वित कार्ययोजना…

राजनांदगांव, 08 सितंबर 2026। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा आज पुलिस कार्यालय राजनांदगांव में गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के 70 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक साइबर एवं शहर के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के साथ-साथ बेहतर समन्वय एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी समितियों से अपील की कि उत्सव को धार्मिक आस्था एवं उत्साह के साथ अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने के लिए समितियों को समझाइश दी गई।

बैठक में राजनांदगांव पुलिस की विशेष पहल “One Cop – One Pandal” के संबंध में भी जानकारी दी गई। इसके तहत बड़े, मध्यम एवं संवेदनशील गणेश पंडालों में “Pandal Police Mitra” की तैनाती की जाएगी, जो संबंधित समिति एवं पुलिस के बीच निरंतर समन्वय का कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करना है।

गणेश पंडालों में प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। समितियों को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने कहा गया कि एंबुलेंस, फायर वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग सदैव खुला रहे तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति में व्यवस्थित तरीके से श्रद्धालुओं की आवाजाही सुनिश्चित की जाए।

पंडालों में CCTV निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत वायरिंग एवं अग्नि सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा पर्याप्त संख्या में पहचान योग्य स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने के लिए समितियों को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान नशे में उपद्रव, हथियारों का प्रदर्शन, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी प्रसारित न करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि “गणेश उत्सव राजनंदगांव ज़िले के गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, इस आस्था और उत्साह का पर्व में राजनांदगांव पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में गणेश जी के दर्शन कर सके। पुलिस और गणेश उत्सव समितियां आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करेंगी, ताकि उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।”

Related Articles

Back to top button