Sports

रहमानुल्लाह गुरबाज ने बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा, CPL 2026 में टीम ने जीता लगातार 5वां मैच

नई दिल्ली , 05 सितंबर: CPL 2026 में गयाना अमेजन वॉरियर्स ने जमैका किंग्समेन के खिलाफ मुकाबला जीत लिया है. गयाना की टीम ने मुकाबला 8 विकेट से जीता. इसी के साथ गयाना अमेजन वॉरियर्स ने लीग के मौजूदा सीजन में अपनी 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बराबर रखा है. उसने CPL 2026 में अब तक खेले अपने पांचों मुकाबले जीत लिए हैं. गयाना की 5वीं जीत जमैका किंग्समेन के खिलाफ आई, जिसके स्क्रिप्ट राइटर रहमानुल्लाह गुरबाज रहे, जिन्होंने T20 में पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम दर्ज एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.

रहमानुल्लाह गुरबाज की पार्टनरशिप ने बनाया मैच

जमैका किंग्समेन ने गयाना अमेजन वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 160 रन का लक्ष्य रखा था. गयाना के ओपनर ने शानदार शुरुआत की. रहमानुल्लाह गुरबाज और मवेंद्र दिनदयाल की ओपनिंग जोड़ी ने मिलकर 46 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए. इसमें मवेंद्र का योगदान 33 रन का रहा. इसके बाद 68 रन के लिए हुई दूसरे विकेट की पार्टनरशिप ने तो टीम की जीत की रुपरेखा ही तैयार कर दी. ये साझेदारी रहमानुल्लाह गुरबाज और शे होप के बीच हुई.

बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

रहमानुल्लाह गुरबाज ने 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 35 गेंदों में 54 रन बनाए. इसी पारी का 8वां रन बनाते ही 24 साल और 280 दिन के गुरबाज ने T20 में अपने 7000 रन पूरे किए और ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए. गुरबाज ने इस मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 26 साल और 350 दिन में ये रिकॉर्ड बनाया था.

होप और हेटमायर ने मैच को अंजाम तक पहुंचाया

गुरबाज जब आउट हुए टीम का स्कोर 12.2 ओवर में 114 रन था. उसके बाद शे होप को हेटमायर का साथ मिला और दोनों ने मिलकर गयाना अमेजन वॉरियर्स को जीत के पार पहुंचाया. होप 39 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हेटमायर 17 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे. गयाना के लिए हेटमायर का ये लगातार 100वां मैच भी था.

Related Articles

Back to top button