जांजगीर-चांपा में नवरात्रि, दशहरा और गणेश उत्सव की तैयारियों पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसपी ने आयोजन स्थलों का किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा, 1 सितंबर 2026। आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं गणेश उत्सव को लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को नगर पालिका चांपा क्षेत्र के विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने दशहरा आयोजन के लिए संभावित स्थल भालेराव मैदान एवं एम.एम.आर. कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और आयोजन की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने दोनों संभावित स्थलों की क्षमता, प्रवेश एवं निकासी मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि दशहरा जैसे बड़े आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है, इसलिए आयोजन स्थल का चयन करते समय सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग स्थल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता सहित अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आयोजन स्थल की क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर बेहतर व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आगामी पर्वों को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए पहले से आवश्यक योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर-एसपी ने चांपा के रामबांधा तालाब के पास स्थापित गणेश उत्सव पंडाल का भी जायजा लिया। उन्होंने पंडाल के आसपास सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की स्थिति देखी। आयोजकों एवं संबंधित अधिकारियों को पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पंडाल के आसपास वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग न हो और आम नागरिकों के आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने आगामी नवरात्रि, दशहरा और गणेश उत्सव के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया है। अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क, एसडीएम चांपा पवन कोसमा, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




