Chhattisgarh

राज्य स्तरीय मिनी सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन सम्पन्न

(अंडर थर्टीन में रायगढ़ की अयांशी पटेल ने मारी बाजी)

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के तत्वावधान में आज रायपुर स्थित तीरंदाजी अकादमी , खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डायरेक्टर कार्यालय परिसर में राज्य स्तरीय मिनी सब जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आये बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-10 , अंडर-13 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के बीच इंडियन राउंड , रिकर्व एवं कंपाउंड वर्ग की स्पर्धायें आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता , तकनीक और सटीक निशानेबाजी से खेल के प्रति अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में अंडर 13 इंडियन राउंड में रायगढ़ की अयांशी पटेल प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये चयन हुई हैं , जो अगले माह राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर रायगढ़ से आर्चरी कोच हरि ओम शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनायें देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैं तथा महासचिव आयुष मुरारका हैं।

प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की युवा तीरंदाजी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिये तैयार करना है। प्रतियोगिता की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें विजेता बनने वाले तीरंदाजों को आगामी सोलहवीं एनटीपीसी मिनी नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 दिसंबर 2026 से 03 जनवरी 2027 तक अमरावती (आंध्रप्रदेश की नई राजधानी क्षेत्र) में आयोजित की जायेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से कुल 24 तीरंदाज , 06 कोच एवं मैनेजर सहित 30 सदस्यीय दल भाग लेगा। प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का यह महत्वपूर्ण अवसर होगा। आयोजन के माध्यम से प्रदेश में तीरंदाजी खेल को बढ़ावा देने , नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

Related Articles

Back to top button