कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने बिलासपुर में किया सुसाइड, Suicide नोट मिला

बिलासपुर: शहर के पुराने बस स्टैंड इलाके में एक ट्रांसपोर्टर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शारदा लॉज की बताई जा रही है, जहां लॉज के कमरे में युवक की लाश फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान प्रदीप जायसवाल के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला था। वह बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में ठहरा हुआ था। कमरे में उसकी लाश फंदे पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नोट में युवक ने खुद के डिप्रेशन में होने का उल्लेख किया है। साथ ही अपने इस कदम के लिए परिवार से माफी मांगी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच में शामिल कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।




