Chhattisgarh

BREAKING: रायपुर में युवक की हत्या, पुरानी बस्ती पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लिया

रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुरानी बस्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में संलिप्त चार विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन आरोपियों को बिलासपुर में ट्रेन से भागने के प्रयास के दौरान पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे अश्वनी नगर में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायपुर ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी ट्रेन से रायपुर से भागने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ समन्वय स्थापित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को बिलासपुर में पकड़ लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी आरोपी नाबालिग हैं और उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इनमें से एक विधि से संघर्षरत बालक कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था और इसके बाद वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया।

पुरानी बस्ती पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि विवेचना के बाद प्रकरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button