कोल इंडिया की बैठक में INMF (INTUC) प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग, चेयरमैन और निदेशक (HR) को पत्र

नागपुर। इंडियन नेशनल माइनवर्कर्स फेडरेशन (INTUC) ने कोल इंडिया लिमिटेड की आगामी बैठक में अपने प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग उठाई है। फेडरेशन के सचिव महासचिव एस. क्यू. जमा ने कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन एवं निदेशक (एचआर) को 27 अगस्त 2026 को पत्र भेजकर इस संबंध में स्पष्ट हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र के अनुसार, कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से 2 सितंबर 2026, बुधवार को सुबह 11:30 बजे एपेक्स जेसीसी ऑफ सीआईएल के ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक निर्धारित की गई है। बैठक का एजेंडा “कोल इंडिया लिमिटेड में लेबर कोड के क्रियान्वयन की प्रगति एवं रोडमैप” रखा गया है।
INMF (INTUC) ने पत्र में कहा है कि यह बैठक चार केंद्रीय ट्रेड यूनियनों—HMS, AITUC, CITU और INMF (INTUC)—द्वारा 29 जुलाई 2026 को दिए गए संयुक्त नोटिस के बाद निर्धारित हुई है। संयुक्त नोटिस में JBCCI-XII के गठन तथा पूर्व NCWA के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की गई थी।
फेडरेशन ने आरोप लगाया कि 5 जून 2026 को इसी विषय पर हुई बैठक में INMF (INTUC) के प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया गया था। इसका INMF (INTUC) के अध्यक्ष कुमार जयमंगल (अनूप सिंह), विधायक द्वारा विरोध भी किया गया था।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि INMF (INTUC) के प्रतिनिधियों की किसी भी बैठक में भागीदारी पर तकनीकी, कानूनी या प्रशासनिक स्तर पर कोई रोक नहीं है। फेडरेशन ने कहा कि सीआईएल एपेक्स जेसीसी, JBCCI-XI की स्टैंडर्डाइजेशन कमेटी तथा प्रस्तावित JBCCI-XII से संबंधित बैठकों में भी INMF (INTUC) के प्रतिनिधियों की भागीदारी होनी चाहिए।
INMF (INTUC) ने वर्ष 2017 के एक कथित MoC पत्र का हवाला देते हुए भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पत्र में कहा गया है कि 11 जनवरी 2017 का संबंधित पत्र उस समय भी लागू नहीं था और वर्तमान में भी लागू नहीं है, विशेषकर दिल्ली हाईकोर्ट के 16 सितंबर 2016 के आदेश के संदर्भ में।
फेडरेशन ने कहा कि INMF (INTUC), कोल इंडिया लिमिटेड और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) से संबद्ध यूनियनों के सदस्यों के सामूहिक हितों का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए 2 सितंबर को प्रस्तावित बैठक में INMF (INTUC) के प्रतिनिधियों को शामिल करना कोल इंडिया के लिए आवश्यक है, क्योंकि फेडरेशन 29 जुलाई 2026 के संयुक्त नोटिस के हस्ताक्षरकर्ताओं में शामिल है।
सचिव महासचिव एस. क्यू. जमा ने कोल इंडिया प्रबंधन से पत्र को स्वीकार कर इस संबंध में शीघ्र जवाब देने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि INMF (INTUC) के अध्यक्ष कुमार जयमंगल (अनूप सिंह), विधायक सहित विभिन्न ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों एवं अधिवक्ताओं को भी भेजी गई है।




